कानून व्यवस्था का पालन करवाते समय गरीब तबके का रखे ध्यान-कमल नाथ
वर्दी का सम्मान करें और आलोचनाओं की चिंता नहीं करें
भोपाल। गोंडवाना समय।मुख्यमंत्री कमल नाथ ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे हमेशा अपनी वर्दी का सम्मान करें और आलोचनाओं की चिंता नहीं करें। कानून व्यवस्था का पालन करवाते समय गरीब तबके का ध्यान रखें। कानून गरीबों के हित की रक्षा के लिये है। कानून का पालन गरीबों के हित में होना चाहिए। कमल नाथ शुक्रवार को मंत्रालय में 37 बैच के उप पुलिस अधीक्षकों को संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण के बाद 44 उप पुलिस अधीक्षक की विभिन्न जिलों में पदस्थापना होगी। मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश को वैश्विक परिवर्तनों के साथ चलना होगा। समाज में आ रहे बदलाव से पुलिस की चुनौतियाँ और जिम्मेदारियाँ भी बढ़ गयी है। उन्होंने कहा कि पहले संचार प्रौद्योगिकी के इतने संसाधन और सुविधाएँ नहीं थी। आज हर व्यक्ति की पहुँच इन तक है। इसलिए अपराधों को रोकने में प्रौद्योगिकी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग होना चाहिये।