विश्व में ख्याति प्राप्त करने वाले हैदर रजा मंडला कब्रिस्तान में फरमा रहे आराम
हैदर रजा महान कलाकार व महान इंसान
97 वे जन्म दिवस पर हैदर रजा को किया गया याद
नर्मदा तट पर रजा उत्सव की हुई शुरूआत
मंडला। गोंडवाना समय।
शुक्रवार को विश्वप्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रजा के जन्मदिवस के अवसर पर नर्मदा तट पर रजा उत्सव का शुभारंभ हुआ। रजा उत्सव की शुरूआत के पहले बिंझिया स्थित कब्रिस्तान में हैदर रजा की कब्र पर कलेक्टर जगदीश चन्द्र जटिया, रजा फाउण्डेशन के सदस्यों के साथ-साथ चाहने वालो ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर हैदर रजा व उनके पिता की कब्र पर फूलों की चादर पेश की गई। कलेक्टर ने हैदर रजा को महान कलाकार व महान इंसान बताया। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में ख्याति अर्जित करने के बावजूद अपनी इच्छा के मुताबिक वे मंडला कब्रिस्तान में आराम फरमा रहे है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। उनकी स्मृति में काम हो व यहाँ की प्रतिभाओ को मंच मिले इस दिशा में प्रयास किया जायेगा।
शुक्रवार को दोपहर के समय रपटा घाट में रजा उत्सव की शुरूआत चित्रकला कार्यशाला एवं माटी के रंग के कार्यक्रम के साथ हुई। इसकी शुरूआत मण्डला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद श्रीमती सम्पतिया उइके व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला ने गमले पेंट कर किया। इस कार्यक्रम की अनोखे अंदाज में शुरूआत हुई। न कोई दीप प्रज्वलित किया गया और न कोई तस्वीर में माल्यार्पण हुआ। एक महान कलाकार की स्मृति में आयोजित रजा उत्सव की शुरआत अतिथियों ने गमले में पेंट कर की और इसे सच्ची श्रद्धांजलि बताया।